Menu
Chhattisgarh Darshan Logo

Chhattisgarh Darshan

All About Chhattisgarh...
Cgtotal.pald.in one of the network they provide all the information related chhattisgarh Download Hindi Unicode
User: Login
Bookmark and Share
केंद्र के खिलाफ भाजपा का गांव चलो, घर चलो अभियान
रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार और प्रदेश भाजपा केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाएगी। इसके तहत आगामी लोकसभा चुनाव तक पूरे राज्य में गांव चलो-घर चलो अभियान चलाया जाएगा।

भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हर घर में दस्तक देकर केंद्र की विफलताओं को बताएगा। एकात्म परिसर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बुधवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में ये निर्णय लिए गए।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति 1 और 2 दिसंबर को पार्टी कार्यालय में होगी। इसके लिए मुद्दे और पार्टी की कार्ययोजना तैयार करने के लिए एकात्म परिसर में करीब तीन घंटे तक सत्ता और संगठन की बैठक हुई।

इसमें मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ चार मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, रामविचार नेताम और केदार कश्यप शामिल हुए।

संगठन से प्रदेश प्रभारी जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, प्रेमप्रकाश पांडे, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, भूपेंद्र सिंह सवन्नी और सुभाउ कश्यप ने विचार-विमर्श कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।

हर साल ग्राम सुराज चलाने वाली भाजपा सरकार अगले साल अप्रैल-मई में पूरे राज्य में विकास यात्रा निकालेगी। इसमें मुख्यमंत्री से लेकर सारे मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। चंूकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, इस कारण ग्राम सुराज अभियान नहीं चलाया जाएगा।

विकास यात्रा में राज्य के अधिक से अधिक हिस्से को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इन सारे मामलों में कार्यसमिति में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इनके क्रियान्वयन की तिथि पर भी कार्यसमिति में मुहर लगेगी।

दो मुद्दों पर रहेगा फोकस

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब आने वाले दिनों में भाजपा दो मुद्दों पर सीधे फोकस करेगी। पहला केंद्र सरकार की विफलताएं बताना और दूसरा राज्य सरकार के अच्छे कामों से जनता को अवगत कराना। इसी कड़ी में गांव चलो, घर चलो अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता लोगों को बताएंगे कि किस तरह केंद्र सरकार के कार्यकाल में महंगाई बढ़ रही है। भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया जाएगा।


प्रभारी मंत्री जनवरी में करेंगे दौरा

जिलों के प्रभारी मंत्रियों को जनवरी में अपने-अपने प्रभार के जिलों में जाकर जानकारी एकत्र करनी होगी। वे हर क्षेत्र से यह जानकारी जुटाएंगे कि कहां क्या काम करने की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में सरकार को और क्या करने की जरूरत है।

केंद्र सरकार के खिलाफ महिलाओं के बीच माहौल बनाने के लिए भाजपा की महिला मोर्चा को भी हर जिले में उग्र प्रदर्शन के लिए लगाया जाएगा। महंगाई और गैस सिलेंडर जैसे मुद्दों को लेकर यूपीए सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

युवाओं का बड़ा सम्मेलन

भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमल वाहिनी के बैनर तले राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर राज्य स्तर पर बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें युवाओं को अपने से जोडऩे के लिए पार्टी अलग से अभियान चलाएगी।

कांग्रेस ने दिया खुला मैदान

नगर सुराज अभियान पर भी चर्चा की गई। माना गया कि कांग्रेस के विरोध से भाजपा को फायदा हो रहा है। इसे अपेक्षा से बेहतर रिस्पांस मिला है। जनता के काम हो रहे हैं और पूरी तस्वीर में कांग्रेस नहीं है। इससे भाजपा के जनप्रतिनिधियों को खुला मैदान मिल गया है।
22-11-2012
chhattisgarh Map